15 हजार युवाओं को रोजगार का मौका
झांसी। पढ़े लिखे बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा मौका मिलने वाला है। कौशल विकास मिशन, आईटीआई और सेवायोजन कार्यालय के सहयोग से रोजगार मेला लगाया जाएगा। मेला में 15 हजार युवाओं को नौकरी में जाने का अवसर मिलेगा। मेला सितंबर के अंतिम सप्ताह में लगेगा। इसकी तारीख के लिए शासन की अंतिम मुहर लगने का इंतजार है।
जिले में खेती किसानी आय का मुख्य स्रोत है, लेकिन बार- बार पड़ने वाले सूखा के कारण किसानों की माली हालत बिगड़ती जा रही है। खेती घाटे का काम होने के कारण पढ़ाई करने के बाद ज्यादातर युवा या तो दुकान खेल लेते हैं या फिर रोजगार की तलाश में पलायन कर जाते हैं। इसलिए शासन ने निर्णय लिया है कि बुंदेलखंड के युवाओं को रोजगार का मौका दिया जाएगा, इसलिए लगभग 70 कंपनियों के प्रतिनिधि आएंगे और हाईस्कूल से लेकर बीटेक और उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं को नौकरी करने का मौका देंगे। मेला दो दिन चलेगा, इसमें एक दिन बुंदेलखंड कालेज में नॉन टेक्नीकल और दूसरे दिन और राजकीय इंटर कालेज में टैक्नीकल युवाओं को रोजगार का मौका मिलेगा। 18 से 45 वर्ष आयु के बेरोजगार आवेदक इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
वेबसाइट पर कराएं रजिस्ट्रेशन
जो युवा रोजगार मेला में हिस्सा लेना चाहते हैं, वह सेवायोजन विभाग की वेबसाइट www.sewayojan.up.nic.in पर रजिस्ट्र्रेशन करा सकते हैं। युवा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की हार्ड कापी के साथ साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं।
यह प्रमुख कंपनियां देंगी रोजगार
मेला में डायमंड सीमेंट, जेनेवा क्राप प्राईवेट लिमिटेड, साल्यूशन इंडिया, लार्सन एंड टर्बो, ग्रोफास्ट आर्गेनिक, द इंडिया थर्मैट, पोंटी चड्ढा फाउंडेशन, सुजुकी मोटर गुजरात प्रालि, ग्रीन फील्उ एचआर सर्विस, वैद्यनाथ समेत अन्य प्रमुख कंपनियां हिस्सा लेंगी।
रोजगार मेला की तिथि पर अंतिम निर्णय शासन स्तर से लिया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री का निधन हो जाने के कारण तारीख अभी तय नहीं हो पाई है, लेकिन सितंबर के अंतिम सप्ताह में रोजगार मेला आयोजित होगा। इससे कम से कम 15 हजार बेरोजगार युवाओं को लाभ मिलेगा।
- सुधीर कुमार श्रीवास्तव, उपायुक्त जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र