लापरवाही पर ग्राम विकास अधिकारी निलंबित
ललितपुर। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने विकासखंड महरौनी के ग्राम पंचायत भदौरा और ग्राम पंचायत गुढ़ा में निर्माणाधीन और निर्मित व्यक्तिगत शौचालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान शौचालयों की धनराशि होने के बाद भी पांच माह तक लाभार्थियों को पैसा उपलब्ध नहीं कराने पर ग्राम पंचायत भदौरा के ग्राम विकास अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी को एक सप्ताह में लाभार्थियों को धनराशि उपलब्ध कराकर अवशेष शौचालयों का निर्माण जल्द पूरा करने को कहा।
ग्राम पंचायत भदौरा में निरीक्षण के दौरान बताया गया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 147 शौचालयों के निर्माण हेतु धनराशि दी गई है, जिसके सापेक्ष 119 शौचालय बनाए गए हैं। मनरेगा के तहत ग्राम में चार शौचालयों का निर्माण कराया जाना था, लेकिन कोई शौचालय नहीं बनाया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि शौचालयों के निर्माण हेतु धनराशि एक वर्ष पूर्व जारी की जा चुकी है। लेकिन, शौचालयों के निर्माण हेतु धनराशि लाभार्थियों को उपलब्ध नहीं कराई गई। एलओबी के अंतर्गत 172 शौचालय की धनराशि अवमुक्त की गई, लेकिन मात्र 11 शौचालय ही बनाए गए। ग्रामीण आशाराम रजक ने शिकायत करते हुए कहा कि गड्ढा खुदवा लिया, लेकिन पैसा अब तक नहीं मिला। ग्राम विकास अधिकारी से पूछने पर कोई उत्तर नहीं दिया गया।
इसके बाद ग्राम पंचायत गुढ़ा का निरीक्षण किया। यहां स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 287 शौचालयों का निर्माण किया जाना था, जिसके सापेक्ष 266 शौचालयों का निर्माण हो गया। 21 शौचालयों का निर्माण शेष है। मनरेगा अंतर्गत 37 शौचालयों के सापेक्ष 12 शौचालय बनाए गए हैं। 25 शौचालयों का निर्माण अभी शेष है। एलओबी के अंतर्गत 40 शौचालयों के निर्माण हेतु धनराशि जारी की गई, 32 शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है व 8 शौचालयों का निर्माण किया जाना है।
ग्राम गुढ़ा की गीता पत्नी गोपाल ने बताया कि उसका शौचालय अपूर्ण है। शौचालय सीट लगाई गई है, किन्तु व गड्ढा मानक के अनुसार नहीं है। पानी की टंकी और जंक्शन चैंबर नहीं बनाया गया है। नल का कनेक्शन/टोंटी लगाया जाना शेष है। इसी तरह कमला पत्नी हरदयाल ने बताया कि उसके शौचालय में दरवाजा नहीं है। दो गड्ढे बनाये गए हैं, किन्तु जंक्शन चैंबर, पिट कवर नहीं है। इसमें कंडे (उपले) भर दिये गए हैं। जमना पुत्र घनश्याम, ऊषा पत्नी दुर्गा का शौचालय अधूरा पाया गया। ग्राम पंचायत अधिकारी दीपक कुमार को चेतावनी दी गई कि अपूर्ण शौचालयों को एक सप्ताह में पूरे कराएं। खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत गुढ़ा के सभी शौचालयों को मानक के अनुरूप पूर्ण कराए तथा अपूर्ण शौचालयों को एक सप्ताह में पूर्ण कराएं।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण कुमार, खंडविकास अधिकारी महरौनी अजय कुमार शर्मा, जिला परियोजना समन्वयक तबस्सुम समेत ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।