सीबीएसई के स्कूलों में भी मिलेगा स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण
झांसी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षक परिषद (सीबीएसई) और आईसीएसई के स्कूलों में अब स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य होगा। अभी तक यह व्यवस्था उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (प्र्रयागराज बोर्ड) के स्कूलों में थी। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक स्कूल में स्काउट व गाइड का एक - एक दल छात्र व छात्राओं का बनाया जाएगा, इसमें 32 - 32 सदस्य होंगे।
सामाजिक दायित्वों को समझे और आपात स्थिति में नागरिकों की मदद करने के लिए प्रयागराज बोर्ड व बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में विद्यार्थियों को स्काउट - गाइड का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रत्येक शैक्षिक सत्र में इनके लिए जिला, मंडलीय व प्रादेशिक स्तर के शिविर लगाए जाते हैं। अभी सीबीएसई व आईसीएसई के स्कूलों में स्काउट - गाइड के प्रशिक्षण का कोर्स संचालित नहीं था। लेकिन स्काउट गाइड के प्रादेशिक मुख्यालय के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है। सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त झांसी शंभूनाथ ने बताया कि सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड के स्कूलों में स्काउट - गाइड दलों का पंजीकरण होगा और स्काउट मास्टर व गाइड कैप्टन को प्रशिक्षण दिया जाएगा। वह विद्यार्थियों क ो एडवेंचर, फायर फाइटिंग, रेस्क्यू वर्क, आपात चिकित्सा, तंबू निर्माण आदि का प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने बताया कि इलाहाबाद स्थित प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र में कमिश्नर की कार्यशाला हुई। इसमें कई निर्णय लिए गए। उनके अनुसार यूपी बोर्ड के सभी स्कूलों में स्काउट गाइड का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को दिया जाता है। हर साल उनका नवीनीकरण भी होता है।