एडी ओर जेडी ने किया सीएचसी का औचक निरीक्षण
अधीक्षक को दिए सफाई, पानी, विद्युत की अव्वल व्यवस्था के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
तालबेहट।
शनिवार को स्वास्थ्य निदेशक डॉ. सुमन बाबू मिश्रा और जेडी डॉ. रेखा रानी गौर ने संयुक्त रूप से सीएचसी तालबेहट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में चल रही विभिन्न योजनाओं, साफ-सफाई, विद्युत और पेयजल के बारे में विस्तार से जानकारी ली। प्रधानमंत्री मातृत्व योजना में लाभार्थियों से पैसा वसूलने की शिकायत पर चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य स्टाफ को तलब कर विस्तृत पूछताछ की और तीन दिन के अंदर पूरी स्पष्ट आख्या देने के अधीक्षक को निर्देश दिए।
शनिवार को दोपहर बाद सीएचसी का नजारा अचानक बदल बदल नजर आया। अधिकांश कर्मचारी अपनी ड्रेस में आ गए। मामला था कि स्वास्थ्य केंद्र में एडी और जेडी दोनों अचानक आए थे। दोनों अधिकारियों ने आते ही सबसे पहले सीएचसी में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेंद्र कुमार से जानकारी ली। इसके बाद अधीक्षक ने सीएचसी और मैटरनिटी विंग में पानी की समस्या, कुछ चिकित्सकों ने ओटी की आए दिन ठप होने वाली विद्युत व्यवस्था के बारे में अपनी बात रखी।
बाद में कुछ लोगों ने सीएचसी में व्याप्त गंदगी और प्रधानमंत्री मातृत्व लाभ योजना की ऑनलाइन फीटिंग में पैसा वसूलने की बात उठाई। जिस पर उन्होंने तत्काल इस कार्य में लगे समस्त कर्मचारियों को बुलवा कर जानकारी ली। उन्होंने अधीक्षक से तीन दिन में पूरी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं में भ्रष्टाचार किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सोनी, डॉ. अनुराग बजाज, डॉ. सूरज, डॉ. अभिषेक नामदेव, डॉ. खान, डॉ. मनीष कुमार आदि सहित कर्मचारी मौजूद रहें।