........................................
अब ट्रेनों में ऑनलाइन बुक करा सकेंगे दूध
- खानपान की तर्ज पर बच्चों को रेलवे देगा बड़ी सुविधा
- साल के अंत मंडल में मिलने लगेगा सुविधा का लाभ
जावेद असलम
झांसी। अब खानपान की तर्ज पर यात्री बच्चों के लिए दूध भी बुक करा सकेंगे। रेलयात्री डॉटइन पर पहले यात्री को दूध बुक कराना होगा। हालांकि यात्री को दूध की थोड़ी ज्यादा कीमत चुकानी होगी। साल के अंत तक यह योजना झांसी मंडल में शुरू होने हो जाएगी। कई बार लंबे सफर के दौरान रेलवे यात्री को छोटे बच्चे के लिए दूध पाउडर या फिर दूध उपलब्ध नहीं करा पाता है।
रेलवे ऑनलाइन खानपान के साथ ही अब बच्चों के लिए गर्मागर्म दूध की भी बुकिंग करेगा। इसके तहत ट्रेनों में बच्चों को दूध उपलब्ध कराया जाएगा। सफर के दौरान छोटे बच्चों को दूध न मिलने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से चली आ रही समस्या को दूर करने के लिए रेलवे ने नई योजना तैयार की है। सबसे ज्यादा परेशानी लंबे सफर के दौरान हो जाती हैं, क्योंकि घर से लाया हुआ दूध भी कई घंटे में खराब या फिर खत्म हो जाता है।
अब जल्द ही यह समस्या दूर होने जा रही है। ट्रेन में सफर के दौरान सीट पर ही गरमा-गरम दूध मिल जाएगा। रेलवे ऑनलाइन यात्री डॉटइन पर बुक करने के बाद गरम दूध बर्थ पर मिल सकेगा। बताया गया है कि यह दूध खासतौर की पैकिंग में दिया जाएगा। बुक होने के बाद इसको संबंधित स्टेशन पर बर्थ में उपलब्ध कराया जाएगा।
79 रुपये में मिलेगा आधा लीटर दूध
रेलवे एक निजी कंपनी से अनुबंध कर चुकी है। इस कंपनी द्वारा ही यात्रियों को ट्रेन में गर्म दूध उपलब्ध कराया जाएगा। इसे विशेष पैकेट में उपलब्ध कराया जाएगा। जिससे दूध ठंडा न हो। कंपनी ने आधा लीटर दूध की कीमत 79 रुपये रखी है। यात्री को यदि गर्म दूध चाहिए तो वह इंटरनेट के माध्यम से रेलयात्री डॉट इन पर पहले बुक कराना होगा। बुक कराते समय यात्री को अपनी लोकेशन भी बतानी होगी। जिससे उससे नजदीक स्टेशन पर दूध उपलब्ध कराया जा सके।
ट्वीट कर मंगाते हैं दूध
अक्सर ट्रेन में बच्चों को दूध न मिलने की समस्या आती है। कई बार यात्री रेलमंत्री व अफसरों को ट्वीट कर दूध भी मंगा चुके हैं। कई बार तो दूध न मिल पाने के कारण यात्री बीच स्टेशनों पर यात्रा छोड़कर उतरे हैं। लगातार बढ़ रही समस्या को देखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है। रेलवे का भी मानना है कि इस नियम से बच्चों को खासी मदद मिलेगी।
ट्रेनों में शिशुओं के खानपान को लेकर यह सुविधा शुरू की जा रही है। ट्रेनों में बच्चों के लिए दूध मुहैया कराने की सेवा जल्द शुरू होगी। ऑनलाइन बुकिंग के बाद तय स्टेशन पर दूध उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके लिए विशेष पैकेजिंग की व्यवस्था की जाएगी।
नीरज भटनागर
मंडल वाणिज्य प्रबंधक