दो दिन बाद आज होगी नर्सिंग होमों की जांच
झांसी। छुट्टी और त्योहार पड़ जाने के कारण दो दिन से रुकी नर्सिंग होमों की जांच मंगलवार को फिर शुरू होगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि नर्सिंग होमों में लगे अग्निशमन यंत्रों और बेसमेंट की पड़ताल की जाएगी।
‘अमर उजाला’ द्वारा मानकों की धज्जियां उड़ाने वाले नर्सिंग होमों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में कई अस्पतालों की बड़ी-बड़ी कमियां उजागर हुई हैं। अधिकतर नर्सिंग होम आवासीय नक्शे पर तने हुए हैं। व्यावसायिक का नक्शा पास नहीं कराने के कारण अस्पताल सरकार को राजस्व की चोट पहुंचा रहे हैं। वहीं, कुछ अस्पतालों में अग्निशमन यंत्र नहीं लगे हैं। कई में लगे भी हैं, तो मानकों से कम या फिर एक्सपायर हो चुके हैं। कुछ अस्पताल बेसमेंट का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसी तमाम खामियां फायर ब्रिगेड विभाग की जांच में उजागर हुई हैं। अस्पतालों के खिलाफ अग्निशमन का जांच अभियान रविवार को छुट्टी और सोमवार को रक्षाबंधन होने के कारण थमा हुआ था मगर विभागीय टीम मंगलवार से फिर अस्पतालों में धावा बोलेगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि सभी अस्पतालों की खामियों की रिपोर्ट तैयार हो रही है, जिसकोे अधिकारियों को कार्रवाई के लिए सौंपा जाएगा।