132 kv sub station defence coridoor
एरच /झांसी। डिफेंस कॉरिडोर में स्थापित होने वाले उद्योगों को निर्बाध विद्युतापूर्ति मिले, इसके लिए यहां अलग से132 केवीए का सब स्टेशन बनाया जा रहा है। इस पर सौ करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। शनिवार को विद्युत और राजस्व विभाग की टीम ने सब स्टेशन की स्थापना के लिए दो स्थानों पर जमीन चिह्नित की।
फरवरी माह में लखनऊ में हुए डिफेंस एक्सपो में झांसी में यूनिट लगाने के लिए दो कंपनियों से करार हो गया है। इसके साथ ही गरौठा तहसील के एरच में डिफेंस कॉरिडोर के स्थापना के काम ने तेजी पकड़ ली है। दो चरणों में नौ सौ सत्तर हेक्टेअर जमीन की अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। यहां लगने वाले उद्योगों को निर्बाध विद्युतापूर्ति हो, इसके लिए कॉरिडोर की दो एकड़ जमीन पर अलग से 132 केवीए का सब स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। शनिवार को तहसीलदार गरौठा मनोज कुमार के साथ विद्युत परिषण विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद व मनोज कुमार की टीम ने जमीन का सर्वे किया। इस दौरान एरच मौजा व झबरा मौजा में दो स्थानों पर जमीन चिह्नित की गई। झबरा मौजा की जमीन को उपयुक्त बताया जा रहा है।
विद्युत विभाग की टीम में उपखंड अधिकारी अंबुज हिस, उप खंड अधिकारी गुरसराय वीरेन्द्र सिंह, रामकुमार सिंह, मोजा लेखपाल देशपाल सिंह यादव, विवेक कुमार आदि मौजूद रहे।
ऐसे मिलेगी निर्बाध बिजली
विद्युत अधिकारियों ने बताया कि डिफेंस कॉरिडोर में सबसे पहले सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। जिसमें 80 मेगावाट के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। कॉरिडोर विद्युत सब स्टेशन के लिए लाइन मोंठ के एक सौ बत्तीस केवीए स्टेशन से ली जाएगी। मोंठ के विद्युत सब स्टेशन की भी क्षमता बढ़ाई जाएगी। सब स्टेशन को मोंठ ओर उरई की दोनों से जोड़ा जाएगा, जिससे निर्बाध विद्युतापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। चयनित भूमि पर सहमति बनते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा एरच बेंदा मार्ग के किनारे से होकर के डाली गयी ग्यारह हजार की विद्युत लाइन को भी हटाया जाएगा।