झांसी। थाना रक्सा पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले गिरोह के बारह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मौके से चार लोग भाग निकले। पुलिस ने घर से अवैध शराब के साथ उपकरण व अन्य सामान बरामद किया है। भागे गए अवैध कारोबारियों को दबोचने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस पूरे गिरोह का पता लगाने में जुट गई है।
एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि थाना पुनावली रोड पर बने एक मकान में अवैध शराब बनने की सूचना मिली थी। जिस पर रक्सा पुलिस ने दबिश देकर दो महिलाओं समेत बारह लोगों को पकड़ा। जबकि, चार लोग भाग निकले। पुलिस ने मौके से सात पेटी शराब, ओपी केमिकल पांच लीटर, बीस लीटर देसी शराब व बार कोड स्टीकर सहित अन्य सामान बरामद किया है। मौके से थाना रक्सा निवासी प्रदीप राजपूत, वाजना निवासी लाल सिंह, सिजवाहा निवासी प्रिंस राय, पुनावली रोड
निवासी कपिल साहू, सुमित साहू, मुकेश साहू, डेली गांव निवासी अखिलेश साहू, डोमागोर निवासी विकास राय व रवि राय, डगरवाहा निवासी सुनील कुमार राय, सरोज साहू व शिल्पी साहू को पकड़ा। वहीं, मौके से डगरवाहा निवासी राहुल वर्मा, दातानगर मोनू कबूतरा, परवाई दातानगर पुष्पेंद्र व डगरवाहा निवासी शैलेश राय भाग निकले।
एसएसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना कपिल साहू है। जो नकली शराब बनाकर झांसी समेत मध्य प्रदेश के जिलों में सप्लाई करते थे। यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था। पुलिस भागे गए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस की नाक के नीचे पनप रहा था अवैध कारोबार
थाना रक्सा क्षेत्र में खुलासे के बाद पुलिस पर भी सवाल खड़े हुए हैं। बताया गया है कि लंबे समय से काम चल रहा था, लेकिन थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बताया गया है कि तीन दिन पहले पुलिस ने मामला पकड़ा था। पुलिस मामले को निपटाने मेें भी लगी थी। लेकिन बीती रात अचानक एसएसपी के रात करीब दो बजे रक्सा थाना पहुंचने के बाद पुलिस हरकत में आ गई थी। एसएसपी ने सीओ सदर हिमांशु गौरव को पूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद रक्सा पुलिस ने कार्रवाई की।