झांसी। कक्षा एक-दो और तीन के विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत साप्ताहिक रिपोर्ट निपुण लक्ष्य एप पर शिक्षकों ने अपलोड नहीं की। दिसंबर में झांसी के 32 प्रतिशत, ललितपुर के 31 प्रतिशत और जालौन में 44 प्रतिशत विद्यार्थियों की रिपोर्ट ही एप पर अपलोड की गई। इस पर शासन ने नाराजगी जाहिर की है।
परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक, दो और तीन के विद्यार्थियों को निपुण लक्ष्य के अनुसार पढ़ाया जा रहा है। इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की साप्ताहिक रिपोर्ट निपुण लक्ष्य एप पर अपलोड की जाती है। लेकिन झांसी में दिसंबर में मात्र 32 प्रतिशत विद्यार्थियों का ही मूल्यांकन किया गया। जबकि जालौन में 44 प्रतिशत और ललितपुर में 31 प्रतिशत विद्यार्थियों की रिपोर्ट अपलोड हुई है। वहीं 50 प्रतिशत शिक्षकों ने तो एप पर लॉगइन ही नहीं किया। अब इन शिक्षकों को बीएसए कार्यालय से फोन कराया जा रहा है। बीएसए नीलम यादव के अनुसार शिक्षकों को नियमित रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। यदि भविष्य में अनियमितता मिली, तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद