अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महाकुंभ में माघी पूर्णिमा के स्नान के लिए मंगलवार को झांसी रेलवे स्टेशन से लगभग दस हजार यात्री रवाना हुए। उन्हें आठ विशेष ट्रेनों के जरिये प्रयागराज के लिए रवाना किया गया। इस दौरान रेलवे का अमला व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने में जुटा रहा।
रेल प्रशासन की ओर से सुबह चार बजे, दस बजे और दोपहर 12 बजे अनारिक्षत मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित की गईं। इसके अलावा दोपहर तीन बजे रिंग स्पेशल ट्रेन चलाई गई। इनमें यात्रियों की संख्या सामान्य रही। शाम को अचानक यात्री बढ़ गए। यात्रियों को मुख्य द्वार के बाहर ही रोककर रखा गया। ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने के बाद ही उन्हें भीतर प्रवेश दिया गया। यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर रेल प्रशासन की ओर से एक के बाद एक शाम चार बजे, रात आठ बजे, दस बजे और रात 11 बजे अनारक्षित ट्रेनें कुंभ के लिए रवाना की गईं।
रेलवे के मंडलीय जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन आने पर भगदड़ की स्थिति न बने, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।