अखिल भारतीय बेरोजगार युवा संघर्ष समिति की ओर से बेरोजगारी के खिलाफ राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन रविवार को सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज के नरसिंह बहादुर सिंह सभागार में हुई। इसमें अखिल भारतीय बेरोजगार युवा संघर्ष समिति के राष्ट्रीय कार्यालय के सचिव प्रमोद नामदेव ने कहा कि रोजगार के लिए बेरोजगार युवकों को बड़े पैमाने पर संघर्ष करना होगा।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी बढ़ रही है। सरकारें ठेकेदारी प्रथा से काम करा रही हैं या पदों को समाप्त कर रही हैं। सार्वजनिक उपक्रमों एवं विभागों को निजी पूंजीपतियों के हाथों बेचा जा रहा है। बेरोजगार सड़कों पर मारे मारे फिर रहे हैं। कहा कि जब सरकारें लोकतांत्रिक तरीके से कार्य न करें तो युवाओं का कर्तव्य बन जाता है कि वे समाज को बचाने के लिए दूसरी आजादी के लिए क्रांति करें। सम्मेलन में बेरोजगारी, कृषि कानूनों, पटरी, व्यवसायियों और प्राइवेट शिक्षकों की स्थिति पर चर्चा की गई और प्रस्ताव पारित किए गए।
इस दौरान 15 सदस्यीय कमेटी गठित की गई जिसमें दिनेश कुमार अध्यक्ष, यशवंत राव सचिव एवं रंजीत राव को सह सचिव चुना गया। सम्मेलन का उद्घाटन एआईडीवाईओ के सचिव जय प्रकाश मौर्य व अखिल भारतीय बेरोजगार युवा संघर्ष समिति के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रामकुमार यादव ने किया। इस मौके पर दिनेश कांत मौर्य, मकरध्वज चौहान, रामकुमार यादव, कमलेश, इंदु कुमार शुक्ला, यशवंत, विजय प्रकाश गुप्ता तथा विशाल आदि उपस्थित रहे। संचालन संघर्ष समिति के सहसंयोजक यशवंत राव एवं अध्यक्षता दिनेश कांत मौर्य ने की।