चंदौली में कंदवा क्षेत्र के अरंगी गांव निवासी शिवकुमार प्रजापति का पुत्र मनोज कुमार प्रजापति (39) रविवार की रात अपने दरवाजे पर सो रहा था। परिजनों के अनुसार भोर में लगभग तीन बजे बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया गया। गोली युवक के हाथ में लगी है। गोली की आवाज और चीख सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां
उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। इलाज के बाद युवक खतरे से बाहर बताया जा है। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक हरिश्चंद्र सरोज ने प्रारंभिक छानबीन के बाद परिजनों से पूछताछ की। युवक को गोली किसने व क्यों मारी इसका पता नहीं चल पाया है। बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है।