जिले में अलग-अगल स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
धर्मापुर : गौराबादशाहपुर क्षेत्र के नयनसंड गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालेमऊ गांव निवासी रीता प्रजापति (55) पत्नी स्व. फौजदार प्रजापति की मौत हो गई। वह अपने चचेरे ससुर राम अवध के साथ बाइक से डॉक्टर को दिखाने जा रही थीं। इस हादसे में राम अवध बाल-बाल बच गए। महिला की मौत के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक ने बताया कि ट्रैक्टर को थाने लाया गया है।
एक अन्य घटना में कुकुहा गांव निवासी मनीष तिवारी कार से अपने ही परिवार के सदस्य टुनटुन तिवारी के साथ जौनपुर जा रहे थे। गौराबादशाहपुर बाईपास पर अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें कार सवार मनीष तिवारी व टुनटुन तिवारी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एक निजी वाहन से दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया।
डोभी : चंदवक थाना क्षेत्र के आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर गोमती सेतु के पास शनिवार को अपराह्न में गाजीपुर जा रहा ट्रक 25 फीट गहरे खाई में पलट गया। संयोग अच्छा था कि चालक और खलासी बाल बाल बच गए। कोटा, राजस्थान से मुर्गी का चारा लेकर गाजीपुर के लिए जा रहा ट्रक चंदवक गोमती पुल के पास सड़क के किनारे असंतुलित होकर गहरे खाई में पलट गया। हादसे में ड्राइवर राहुल यादव (35) व खलासी सुनील पाल (30) दोनों निवासी मायापुर थाना शिवपुरी, मध्यप्रदेश बाल-बाल बच गए।
मछलीशहर : गाजीपुर जिले के थाना बरिन पटवा के विजयपुर गांव निवासी हरिकेश यादव( 27) पुत्र श्याम कुमार गुड़गांव से अगरबत्ती लादकर वाराणसी के त्रिलोचन में उतारने जा रहे थे। रात अधिक होने पर रायबरेली-जौनपुर हाइवे के बगल खाखोपुर बाजार से पहले अपनी ट्रेलर खड़ी कर दिए। गाड़ी में ही खलासी रामजीत यादव (22) निवासी चवना, सैदाबाद गाजीपुर के साथ सो रहे थे। शनिवार को भोर में जौनपुर की तरफ से जा रहे ट्रक ने खड़े ट्रेलर में अनियंत्रित होकर सामने से टक्कर मार दिया। इस हादसे में ट्रक चालक सुशील (35) पुत्र कैलाश निवासी नगला, सीपी इटावा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से मछलीशहर सीएचसी भेजवाया। ट्रेलर के चालक व खलासी की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।