नेवढ़िया थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर (कवलापुर) गांव में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए । उनका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। .
हरसिंहपुर(कवलापुर) गांव के सोमवार अपराहन साढ़े तीन बजे शीला देवी के आवास के नींव में का कार्य ट्रैक्टर से मिट्टी गिराकर चल रहा था। इसी समय बारिश होने लगी और तेज तड़तड़ाहट के साथ बिजली गिरी, जिसके चपेट में वहां पर मौजूद पप्पू की पत्नी सुनीता देवी (38), राजनाथ (50), ट्रैक्टर चालक भटवार गांव निवासी बृजेश मिश्रा (35), शीला देवी (35) पत्नी स्वर्गीय इंद्रजीत और उनके बेटे सूरज (15), अनुज (10) झुलस गए। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से सभी को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने सुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि सभी लोगों का उपचार चल रहा है। वही घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही, मौके पर पहुंचे हल्के के कानूनगो व लेखपाल ने पीड़ित परिवार को शासन द्वारा आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।