जौनपुर। लोकसभा चुनाव में मतदाता प्रतिशत बढ़ाने और महिला मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बृहस्पतिवार को चाहे नर हो या नारी, मतदान है सबकी जिम्मेदारी आदि नारे के साथ महिला स्कूटी रैली निकाली गई। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. गोरखनाथ पटेल के नेतृत्व में निकली रैली में परिषदीय विद्यालयों की सैकड़ों शिक्षिकाएं, स्कूटी पर मतदाता जागरूकता स्टीकर लगाकर, हेलमेट लगाकर, गुलाबी कपड़े पहनकर शामिल रहीं तथा महिलाएं मतदाता जागरूकता वाले संदेशों के पोस्टर भी लिए थीं। इसके अलावा ''वोट करेगा जौनपुर'', ''सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो'', ''चाहे नर हो या नारी मतदान है सबकी जिम्मेदारी'', ''पहले मतदान फिर जलपान, आदि नारे लगाते चल रही थी और लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित कर रही थी।
रैली की शुरूआत इंग्लिश क्लब से हुई। इसके बाद दीवानी कचहरी तिराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा, जहांगीराबाद, नखास, सद्भावना पुल, चहारसु चौराहा होते हुए शाही किला पर समापन हुआ। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों को मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने रैली का उद्देश्य बताते हुए कहा कि मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें। सीडीओ साई तेजा सीलम ने मतदान का महत्व बताते हुए कहा कि जनपद के सभी मतदाता चाहे वे यहां रह रहे हैं या बाहर, वे सभी लोकतंत्र का महापर्व मनाएं और मतदान जरूर करें। बीएसए ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी अर्चना ओझा, उप जिलाधिकारी प्रजक्ता त्रिपाठी, उदयभान कुशवाहा, जिला स्वीप कोआर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा आदि मौजूद रहे।