नगर पंचायत गौराबादशाहपुर में शामिल होने के बाद चोरसंड गांव के लीलहा बस्ती में सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीणों ने गांव में नगर पंचायत की सुविधाएं प्रदान करने की मांग को लेकर रविवार को गांव में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गांव में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। नियमित सफाई के अभाव में जगह-जगह गंदगी व्याप्त है। ग्रामीण बिजली की समस्या से भी जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप था कि नगर पंचायत में शामिल होने के बाद भी इस गांव में कोई सफाई कर्मी अब तक झांकने नहीं आया। लोगों को आवासीय योजना का लाभ भी नहीं मिल सका है। गांव से जुड़े मार्ग भी क्षतिग्रस्त हैं। ग्रामीणों ने गांव में नगर पंचायत की सुविधा प्रदान करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में अजय यादव, हरिलाल शर्मा, विनोद यादव, अजित यादव, मनोज यादव, सेखई, कनक लता, चंदा, प्यारी देवी, प्रदीप, मोहित, सन्नी, गुड्डू यादव, सचिन यादव, विपिन आदि शामिल रहे।