जौनपुर में अनुप्रिया पटेल की रैली
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर के मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के भाऊपुर में आयोजित विजय संकल्प जनसभा को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि दूसरी आजादी के सपने को पूरा करने के लिए दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को एकजुट होने की जरूरत है।
अपना दल (एस) पार्टी गरीब, किसान, बेरोजगार, दलित, शोषित, मजदूर और मजलूमों की हक की आवाज हमेशा से उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। कहा कि 2022 में अपना दल एस जौनपुर में भारी अंतर से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा और पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के सपनों को साकार करेगा। इस बार नीला-केसरिया का परचम और अधिक बुलंद होगा।
अनुप्रिया पटेल कहा कि जातीय जनगणना वर्तमान समय की जरूरत है। अल्पसंख्यक मंत्रालय की तर्ज पर ओबीसी कल्याण मंत्रालय का गठन होना चाहिए। देश में सर्वाधिक मुकदमे दलित-पिछड़े व आदिवासी समाज के हैं,लेकिन न्यायपालिका में इस वर्ग का प्रतिनिधित्व अभी भी नगण्य है, इसलिए अखिल भारतीय न्यायिक सेवा का गठन करने की मांग करती हूं।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने आपको क्या दिया। आज केंद्र की एनडीए व प्रदेश की भाजपा व अपना दल एस की सरकार में सिर्फ विकास हो रहा है। प्रदेश में हवाई अड्डे का जाल बुना जा रहा है। देश में सर्वाधिक एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे हैं।
पीएम ने पिछले महीने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। अब लखनऊ और दिल्ली दूर नहीं है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक गलियारे का भी विकास हो रहा है। उद्योग स्थापित होने से यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा।