परिवारवाद का आरोप लगाने वाले परिवार की कीमत नहीं समझ सकते। आजादी के 75 साल हो गए। शहरों के नाम बदलने से क्या लोग बदल जाएंगे। उन्होंने कहा कि डिंपल प्रदेश की छोटी बहू हैं और मैं बड़ी। बहुत अच्छा लग रहा है कि हम तीन बहुएं एक मंच आ गए हैं।
उन्होंने युवाओं की तरफ हाथ उठाकर कहा कि भाभी-भाभी का नारा ही लगाएंगे या सम्मान के लिए कुछ करेंगे भी। आपका हक बनता है कि देवर लोग हम सबके लिए कुछ करें। आप लोग इस चुनाव में भाजपा की सरकार उखाड़ कर फेंक दें। इसके लिए सात मार्च को ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें।
अखिलेश ने जो उत्तर प्रदेश को बनाया था, उसे भाजपा वाले नष्ट करने की योजना बना रहे हैं। जया बच्चन ने मछलीशहर विधानसभा में सपा प्रत्याशी के जीतने के बाद महिलाओं के इलाज के लिए मछलीशहर विधानसभा में अपनी निधि से कल्सनटेसी रूम बनवाने का वादा किया।
डिंपल यादव ने कहा कि सपा और उसके गठबंधन पार्टी की सोच विकास वादी हैं। सरकार बनने के बाद प्रदेश में इतिहास रच देंगे। युवाओं को नौकरी देंगे तथा महिलाओं को नि:शुल्क शिक्षा के साथ ही नौकरी में 33 प्रतिशत आरक्षण और सुरक्षा की व्यवस्था देंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को रौंदने वाले सरेआम घूम रहे हैं।
जौनपुर में जया बच्चन और डिंपल यादव
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस और उन्नाव में बेटियों के साथ दरिंदगी करने वाले पर सरकार कार्रवाई करने में नाकाम रही है। बिना परिवार वाले इस दर्द को नहीं समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर महिला पुलिस इकाई का गठन किया जाएगा। यूपी पुलिस में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
चुनाव परिणाम आने के बाद डीजल-पेट्रोल और गैस के दाम कम होंगे। प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज कायम होगा। अपराध कम होगा। सांड़ से जिसकी जान जाएगी, उसे पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार गठन के बाद 22 लाख नौकरी और इंटर पास छात्राओं को 36 हजार रुपये एकमुश्त देंगे।
मड़ियाहूं में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद उनकी पत्नी डिंपल यादव ने बिना नाम लिए पूर्व सांसद व जेडीयू से मल्हनी प्रत्याशी धनंजय सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोग क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन सपा की सरकार बनने पर ये क्लीन बोल्ड हो जाएंगे।
उन्होंने इस दौरान जनसभा में उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या इन लोगों को क्लीन बोल्ड किया जाएगा या नहीं। सुना है जौनपुर में क्रिकेट बहुत खेला जाता है। उन्होंने युवाओं से अपील की इस बार भाजपा की पूरी टीम को क्लीन बोल्ड करें।
मड़ियाहूं में जया बच्चन ने मंच से अखिलेश यादव को लेकर कविता पढ़ी। जया बच्चन ने कहा, यूपी को अखिलेश ने विकास की शक्ल दिखाई है। यूपी में बच्चों का सुनहरा कल अखिलेश यादव ने बनाया है। किसानों की फसल अखिलेश की मुस्कान से लहलहाती है।