सिकरारा। चावल दाल कर रीवा जा रहा ट्रक स्टेयरिंग फेल होने अनियंत्रित होकर फतेहगंज बाजार के पास बढ़ौना मोड़ पर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से बढ़ौना निवासी युवक की मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए। हादसे के कारण राजमार्ग पर लगभग एक घंटे आवागमन बाधित रहा।
रविवार को ट्रक चावल लादकर रीवा के लिए निकला था। करीब दो बजे ट्रक बक्शा थाना क्षेत्र के जौनपुर-रायबरेली राजमार्ग पर फतेहगंज बाजार के पास बढ़ौना मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। वहां से गुजर रहे बढ़ौना गांव निवासी राजकुमार यादव (35) ट्रक के नीचे दब गया। इससे घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि चालक व एक अन्य युवक घायल हो गए। बक्शा पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। घायल युवक की स्थिति गंभीर है। ट्रक चालक बिहार निवासी श्याम लाल ने बताया कि ट्रक का स्टेयरिंग फेल हो गया था। बाजार वासियों का कहना है कि राजकुमार स्थानीय बाजार में ही मजदूरी करता था। सूचना पर परिजन पहुंच गए। हादसे के कारण राजमार्ग पर लगभग एक घंटे आवागमन बाधित रहा। बक्शा पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को किनारे किया। चावल और बोरियों को हटवाया। इसके बाद आवागमन बहाल हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।