मीरगंज। मछलीशहर से जंघई जाने वाली सड़क पर जंघई में बने नए फाटक पर रेलवे द्वारा हाईगेज को नीचे कर दिया गया। इसके कारण बडे वाहनों का आवागमन बंद हो गया है।
वाराणसी-प्रतापगढ़ रेलवे रूट पर स्थित जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर नान इंटरलाकिंग कार्य पूरा होने के बाद पुराना फाटक 51 बी बंद कर दिया गया। जिसके समान्तर में रेलवे ने दूसरा फाटक तैयार कर दिया। इससे वाहनों का आवागमन जारी था।
बृहस्पतिवार को दोपहर अचानक रेलवे ने हाईगेज को काफी नीचे कर दिया। इसके कारण बडे वाहनों का आवागमन बंद हो गया। बडे डम्फर, ट्रक और बस इधर उधर खड़ी हो गई। हाईगेज नीचे करने से सिर्फ कार और बाईक ही निकल सकते हैं। लोगों का कहना है कि बड़े वाहनों का आवागमन बंद होने से व्यापार पर असर पडेगा। बसों का संचालन बंद होने से बसे मछलीशहर से हण्डिया, मुंगराबादशाहपुर से मिर्जापुर का आवागमन भी बंद होगा। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को परेशान होना पडे़गा। अवर अभियंता नेशनल हाईवे ओपी प्रसाद का कहना है की रेलवे बिना अनुमति लिए एनएच के रास्ते को नहीं बंद कर सकता है। इसके लिए रेलवे को पत्र लिखा जाएगा। स्टेशन अधीक्षक जंघई कोमल सिंह का कहना है की बडे़ वाहनों को रोकने के लिए हाईगेज नीचे किया गया है।