शहर कोतवाली पुलिस ने तीन अंतरजनपदीय महिलाओं को बुधवार की सुबह नशीले पाउडर के साथ गिरफ्तार किया। शहर कोतवाल संजीव कुमार मिश्रा के मुताबिक पकड़ी गईं महिलाएं मंदिर व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों से मौका मिलते ही गले से सोने की चेन उड़ाने व जेब काटने का काम करती थीं।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार मिश्र ने बताया कि रसूलाबाद रेल पुलिया के नीचे शीतला चौकिया की तरफ से पैदल आ रहीं तीन संदिग्ध महिलाओं को संदेह होने पर रोक लिया गया। तलाशी लिए जाने पर उनके पास से नशीला पाउडर बरामद हुआ। गिरफ्तार महिला आरोपियों में गीता देवी पत्नी संतोष कुमार निवासी असना थाना घोसी जिला मऊ, सरिता देवी पत्नी दीपक कुमार निवासी गांव युसुफपुर दौलताबाद थाना मोहम्मदाबाद व रीमा देवी पत्नी मनोज कुमार निवासी दान गांव थाना नंदगंज जिला गाजीपुर हैं। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वह शीतला चौकिया, अन्य धार्मिक स्थलों व भीड़भाड़ वाली अन्य जगहों या टेंपो में सफर करने के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ाने व जेब काटने का काम करती हैं। जिनका लिखापढ़ी करने के बाद चालान कर दिया गया।