बदलापुर। मुख्यमंत्री आवास के लिए दी गई धनराशि का दो वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य में नहीं लगाए जाने से नाराज खंड विकास अधिकारी शरद कुमार श्रीवास्तव ने धनराशि की वसूली कराए जाने के लिए आरसी जारी करने का संस्तुति पत्र जिलाधिकारी को भेजा है।
उनका कहना है कि ग्राम पंचायत देवरामपुर में शीला पत्नी गंगाराम, मीला पत्नी ठाकुर प्रसाद, कन्हैया लाल, दुगोली कला गांव निवासी गिरीश चंद, कम्मरपुर गांव निवासी आरती पत्नी ज्ञानोदय को साल 2020-21 में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय, किस्त अवमुक्त किया गया लेकिन इनके द्वारा आवास निर्माण का कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है। संबंधित ग्राम पंचायत के सचिवों ने आवास निर्माण के लिए इन्हें कई नोटिस दे चुके हैं, लेकिन लाभार्थियों द्वारा निर्माण कार्य नहीं कराया जा रहा है। इससे शासन की मंशा के मुताबिक, मुख्यमंत्री आवास निर्माण का लक्ष्य पूरा नहीं हो रहा है। इससे शासन के धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी शरद कुमार श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायत देवरामपुर की शीला, मीला, कन्हैया लाल तथा दुगोली कला के गिरीशचंद्र से एक लाख 10 हजार की वसूली, कम्मरपुर गांव की आरती पत्नी ध्यानचंद से 40 हजार की वसूली के लिए आरसी जारी करने की संस्तुति की गई है।