जौनपुर खुटहन थाना क्षेत्र के पटैला बाजार में स्थित बड़ौदा यूपी बैंक शाखा की खिड़की की ग्रिल काटकर सोमवार की रात बैंक में घुसे चोरों ने सीसीटीवी कैमरा और डीबीआर पार कर दिया। चोरों ने बैंक का लॉकर भी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। मंगलवार को सुबह बैंक खुलने के बाद घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
शाखा प्रबंधक विवेक कुमार समेत अन्य कर्मचारी मंगलवार की सुबह बैंक पहुंचे तो देखा बैंक के पीछे लगी खिड़की का ग्रिल कटा हुआ था । अंदर सीसीटीवी कैमरे और डीबीआर मशीन गायब थी। कैश चेक करने के लिए बैंक कर्मचारियों ने लॉकर खोलने का प्रयास किया तो चाभी लगाने के बाद भी लॉकर नहीं खुला। छानबीन पर पता चला कि चोरों ने लॉकर को भी तोड़ने का प्रयास किया था। शाखा प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम काम अधिक होने के चलते शाखा काफी देर से बंद की गई। यहां तैनात गार्ड खिड़की में अंदर से लगे लकड़ी के दरवाजे को बंद करने के बाद पीछे से लोहे का एंगल लगाना भूल गया था। जिसका लाभ उठाते हुए चोर खिड़की के फ्रेम में लगी लोहे की ग्रिल काटकर भीतर घुसे थे। थाने के प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह का कहना है कि पुरानी खिड़की काटकर चोर बैंक शाखा के अंदर घुसे जरूर थे लेकिन चोरी नहीं हुई है। केस दर्ज किए बिना ही मामले की छानबीन की जा रही है।