भारतीय सनातन धर्म मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हौसिला महाराज का मंगलवार को नगर आगमन पर जगह-जगह स्वागत किया गया। इंद्रेश तिवारी के आवास पर पर उन्होंने पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने सनातन धर्म मंडल के उद्देश्य को बताते हुए कहा कि वेद विद्यालय की पूरे देश में स्थापना करके सनातन धर्म संस्कृति का प्रचार प्रसार करना ही उनके संगठन का उद्देश्य हैं।
उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा भारत की सनातन संस्कृति की बढ़ाने में योगदान देने वाली संस्कृत भाषा को इंटर कक्षा तक अनिवार्य भाषा और ब्राह्मण पुजारियों को मानदेय देने की मांग सरकार से की गई हैं। साथ ही रामचरित मानस ग्रन्थ को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने और गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने के लिए सरकार से वार्ता की जा रही हैं। गाय, गंगा और ब्राह्मण को सुरक्षा देने के लिए संगठन निरन्तर प्रयास कर रहा है। इस दौरान इंद्रेश तिवारी, शिवप्रताप शुक्ला, जेपी मिश्र, डॉ. दीपक दुबे आदि उपस्थित रहे।