रोडवेज बस स्टैंड पर न्यू सब्जी मंडी में सब्जी का पूरा पैसा मांगने पर ग्राहक ने दुकानदार की पिटाई कर दी। वहां मौजूद सिपाही ने बीच बचाव किया तो उसके साथ भी बदसलूकी की। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नंदलाल यादव उर्फ नंदू ने बृहस्पतिवार सुबह मंडी में सब्जी विक्रेता गंगू से अदरक खरीदा आरोप है कि और उसे कम पैसा दिया। दुकानदार के पूरा पैसा मांगने पर दोनों में विवाद हो गया। इसकी जानकारी नंदलाल के बेटे को हुई तो उसने अपने साथियों के साथ सब्जी विक्रेता पर हमला कर दिया। दुकानदार का आरोप है कि हमलावर उसके गल्ले से पैसा भी निकाल ले गए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान भी हमलावरों ने गंगू पर हमला किया। बीचबचाव के दौरान हमलावरों ने सिपाही के साथ भी बदसलूकी की। इस मामले में दोनों पक्षों ने मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक अवनीश राय कहा कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।