रामपुर थाना क्षेत्र के कोदैला गांव के पास सोमवार को दोपहर में नदी में डूबे ममेरे भाइयों में दूसरे युवक का भी शव तीसरे दिन बुधवार को फजूलहां गांव के पास बांस की झाड़ी में फंसा हुआ मिला। पुलिस ने पंचनामा कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भदोही जिले के गुलौरा गांव निवासी राजेश गौतम का पुत्र सनी (14) रामपुर थाना क्षेत्र के कोदैला गांव में अपने मामा के घर आया था। सोमवार को वह अपने ममेरे भाई अजय शंकर (18) पुत्र विजय शंकर गौतम के साथ गांव में वरुणा नदी में मछली पकड़ने गया था। जहां दोनों नदी में डूब गए थे। मंगलवार की सुबह आठ बजे घटना स्थल से पांच सौ मीटर दूर नदी में मछुआरों द्वारा गाड़े गए बांस के बीच फंसा सनी का शव बरामद किया गया था, जबकि अजय शंकर का शव बुधवार को सुबह 11 बजे में वरुणा नदी के फजूलहां गांव के पास बांस की झाड़ी में फंसा हुआ मिला। अजय शंकर पांच बहनों में इकलौता भाई था। थानाध्यक्ष रामपुर विजय शंकर सिंह का कहना है कि नदी में मिले दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।