खेतासराय क्षेत्र के कलांपुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मायका पक्ष ने जहां विवाहिता की हत्या किए जाने की आशंका जताई है व वहीं ससुराल पक्ष ने विषैले जन्तु काटने से विवाहिता की मौत की बात कही है । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कलांपुर गांव में मुकेश के घर केवल महिलाएं थीं। सास कमलावती देवी के अनुसार बहु रिंका राजभर (25) घर में सुबह झाड़ू लगा रही थी। तभी अचानक किसी विषैले जन्तु ने काट लिया। पहले गांव में निजी चिकित्सक के यहां ले गए, फिर सरायख्वाजा क्षेत्र के तरसावा झाड़ फूंक के लिए ले गए, लेकिन रिंका की मौत हो गई । सूचना पर रिंका के मायके आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के हड़वा पलथी से पिता जयराम और परिजन भी पहुंच गए। मौके पर विवाहिता के पिता जयराम ने रिंका को मार डालने का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।