Shramjeevi Express Bomb Blast: इंटरपोल मास्टर माइंड कंचन उर्फ शरीफ को आज तक खोज नहीं पाई है। 18 साल पहले दिल दहला देने वाला आतंकी धमाका हुआ था। धमाके में 14 की मौत और 62 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
28 जुलाई 2005 की शाम 5.15 बजे पटना से दिल्ली जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन में सिंगरामऊ के हरपालगंज के पास हुआ आतंकी धमाका दिल दहला देने वाला था। इसमें 14 की मौत व 62 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
विज्ञापन
विस्फोट कांड के सात आरोपितों में बांग्लादेशी आतंकवादी आलमगीर उर्फ रोनी, ओबैदुर्रहमान को पूर्व में मृत्युदंड (फांसी) की सजा सुनाई जा चुकी है। अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम राजेश राय ने बुधवार को बांग्लादेशी आतंकी हिलाल उर्फ हिलालुदीन व बंगाल के नफीकुल विश्वास को मृत्युदंड की सजा सुनाई।
दोनों की पत्रावली करीब छह साल से अंतिम बहस में चल रही थी। मास्टर माइंड कंचन उर्फ शरीफ को आज तक इंटरपोल खोज नहीं पाई। आरोपित डा.सईद का नाम-पता ही तस्दीक नहीं हो सका। एक अन्य आरोपित याहिया मुठभेड़ में ढेर हो चुका है।
विज्ञापन
इस तरह लगाया गया था पता
हिलाल व नफीकुल का नाम विस्फोटकांड में बंगाल जेल में बंद आरोपित ओबैदुर्रहमान ने 15 फरवरी 2006 को और बांग्लादेशी जुड़वा भाई अनीसुल व मुहीबुल ने चार अप्रैल 2006 को विवेचक को बताया था। हिलाल व नफीकुल 17 नवंबर 2005 को थाना कालिया चौक मालदा टाउन पुलिस द्वारा हत्या, हत्या के प्रयास के दूसरे मामले में गिरफ्तार किए गए।
23 मार्च 2006 को वारंट बी के जरिए उन्हें सीजेएम कोर्ट में लाकर पेश किया गया। जब विवेचक द्वारा दोनों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर बिहार ले जाया गया तो उन्होंने खुसरूपुर रेलवे स्टेशन के समीप मियां टोली का तीन मंजिला मकान जहां विस्फोटक पदार्थ लाए गए थे। होटल पैलेस दिखाया जहां रजिस्टर में नफीकुल के ठहरने का जिक्र है।
बिना वीजा, पासपोर्ट के नदी पार करके आए आतंकी
भारत में ट्रेन में विस्फोट की मीटिंग के बाद आतंकी संगठन हूजी के हिलालुद्दीन, रोनी, शरीफ उर्फ कंचन व लश्कर-ए-तैयबा के ओबैदुर्रहमान व याहिया बांग्लादेश से बिना वीजा पासपोर्ट पदमा नदी पार कर भारत की सीमा में बंगाल में घुसे। वहां नफीकुल विश्वास उनके साथ शामिल हो गया।
श्रमजीवी विस्फोट कांड: इनकी हुई थी मौत
श्रमजीवी विस्फोट कांड में मृतक सैफ फैसल, कुणाल, सुधीर कुमार , विनोद रविदास, प्रमिला देवी, सुभाष ठाकुर, कमालुद्दीन, कुमारी कविता, अरविंद सिंह, सुबोध बढ़ई, संतोष, दिगंबर चौधरी, सफीक उर्फ डब्लू बिहार व अन्य जगहों के थे। इसमें एक मृतक अमरनाथ चौबे मियांपुर के निवासी थे।
यह हुए थे गंभीर रूप से घायल :- मोहम्मद इब्राहिम, विस्सू सेठ, मोहम्मद बदरुद्दीन, मनोज कुमार, संतोष कुमार महतो, कृष्णा महतो, राम बालक, रविंदर, शीला, दिनेश महतो, राजेश जायसवाल, गोरखनाथ, शिवम, मदन, मोनू गुप्ता पता अज्ञात घायल थे।