नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का विधायक रमेश सिंह ने शुक्रवार की शाम औचक निरीक्षण किया। विधायक ने यहां बन रहे कोविड वार्ड के निर्माण कार्य को देखा जहां निर्माण सामग्री में खामी मिलने पर भड़क गए। विधायक ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य रोकवा दिया। उन्होंने सामग्री का सैंपल लिया और जांच के लिए लैब भिजवाने की बात कही।
विधायक रमेश सिंह शाम साढ़े छह बजे अपने लाव लश्कर के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। विधायक के अचानक पहुंचने से डॉक्टरों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। विधायक ने बातचीत में बताया कि उन्हें यहां निर्माणाधीन 20 बेड के कोविड अस्पताल के निर्माण में खामी की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इसी का निरीक्षण करने के लिए वो यहां आए। उन्होंने निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप नहीं मिलने और उसकी गुणवत्ता खराब होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि निर्माण सामग्री का सैंपल ले लिया गया है और जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। खराबी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। मौके पर विधायक को बेहद घटिया ईंट और मानक से हटकर मसाले से दीवार की जोड़ाई देखने को मिली। विधायक ने अस्पताल की व्यवस्था की भी जांच किया। चिकित्साधीक्षक डा. रफीक फारुकी ने बताया कि विधायक ने अस्पताल का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं से संतुष्ट रहे।