जौनपुर। राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से नई शिक्षा नीति पर आधारित चलाए जा रहे पाठ्यक्रम अब वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में भी चलेंगे। इसके लिए सोमवार को दोनों विश्वविद्यालयों के बीच समझौता हुआ है।
पूविवि की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने निरंतर गुणात्मक विकास, शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों में उत्कृष्टता के आधार पर देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों में अपना स्थान बनाया है। अब उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा प्रदत्त नई शिक्षा नीति के अंतर्गत डिग्री, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट कार्यक्रमों के साथ ही रोजगारपरक कार्यक्रमों का लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा।
राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज की कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय के शिक्षार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की उत्कृष्टता का लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों से जुड़कर छात्र अपने कैरियर को संवार सकेंगे। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच पाठ्यक्रमों को लेकर परस्पर समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। शिक्षा के क्षेत्र में एक दूसरे को सहयोग देने पर दोनों कुलपतियों के बीच सहमति बनीं। साक्षी के तौर पर दोनों विश्वविद्यालय के कुलसचिव महेंद्र कुमार, कर्नल विनय कुमार के साथ नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय और राजेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।