डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर मुर्खा नहर पुलिया के पास सोमवार को साइकिल सवार को बचाने में तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूल बस को टक्कर मार दी। इसमें चार छात्र समेत छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे स्कूल प्रबंधक ने सभी को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
बाबा भारतीय इंटर मीडिएट कॉलेज बजरंगनगर की बस मचहटी से 25 छात्रों को लेकर विद्यालय आ रही थी। आठ बजे वह मुर्खा नहर पुलिया के पास बस पहुंची थी। इसी दौरान वाराणसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल सवार को बचाने में बस को टक्कर मारकर पलट गई। बस में टक्कर लगते ही छात्रों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोग दौड़े। सभी को बस से बाहर निकाला गया। हादसे में चार छात्र कक्षा छह के प्रियांशु, प्रिया यादव व अंश, कक्षा चार की छात्रा रोशनी चौहान घायल हो गई। रोशनी का एक हाथ टूट गया, उसका प्लास्टर प्राइवेट चिकित्सालय में कराया गया। घटना में पिकअप चालक चंदौली के शहाबगंज के नरसिंहपुर कला निवासी नरेंद्र भी घायल हो गया। बस के चालक कैलाश पाल को भी मामूली चोटें आईं है। सूचना पर तत्काल पहुंचे प्रबंधक अरविंद सिंह ने सभी का इलाज निजी अस्पताल में कराया। घटना की सूचना पर छात्रों के परिजन और पुलिस भी पहुंच गई थी।
पिकअप व बस की टक्कर के चलते हादसा हुआ। इसमें दोनों वाहनों के चालक व चार छात्र घायल हो गए। सभी का उपचार कराने के बाद उनको घर के लिए रवाना कर दिया। -प्रतिमा वर्मा, क्षेत्राधिकारी केराकत।
हादसे की शिकार हुई बस के कागजात रहे दुरुस्त :-
एआरटीओ रमेशचंद्र ने बताया कि चंदवक के मुर्खा में सड़क हादसे में शिकार स्कूल बस के सारे कागजात दुरुस्त हैं। उसका पंजीयन हैं, चालक के पास भारी वाहन का ड्राइविंग लाइसेंस है।
एआरटीओ में स्कूली वाहनों के पंजीकरण की संख्या
कुल पंजीकृत वाहन :-754
पंजीकृत मैजिक वाहन-186
फिटनेस फेल मैजिक की संख्या-41
पंजीकृत बसों की संख्या-568
फिटनेस फेल बसों की संख्या-75
.