पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दूसरे गेट के पास एक अनियंत्रित प्राइवेट बस ने अधेड़ को टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस टक्कर मारते हुए तीन दुकानों में घुस गई।
जौनपुर जिले में खेतासराय-जौनपुर मार्ग स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सामने सोमवार की दोपहर अनियंत्रित बस बाइक सवार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
विज्ञापन
वहीं घटना के बाद प्राइवेट बस चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने विवि का मुख्य गेट बंद कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली गांव स्थित पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दूसरे गेट के पास सोमवार को दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे अनियंत्रित प्राइवेट बस पू्र्वांचल विश्वविद्यालय के संविदा कर्मचारी तामिल(45) को रौंदते हुए सामने दुकान में घुस गई। इसमें तामिल की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं तीन गुमटियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद आक्रोशित विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने सड़क जाम कर दी। सूचना पर पुलिस के साथ ही क्षेत्राधिकारी शाहगंज भी पहुंच गए हैं और लोगों को समझाने बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।