जौनपुर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने शहर में सर्च अभियान चलाया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रोडवेज बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, होटल और ढाबों पर भी छापेमारी की। इस दौरान जौनपुर जंक्शन और सिटी स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के बैग खंगाले गए। संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई। हालांकि पुलिस की जांच पड़ताल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
शहर में सीओ सिटी जितेंद्र दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने रोडवेज और रेलवे स्टेशनों पर छानबीन की। स्टेशनों से गुजरने वाली ट्रेनों के अलावा स्टेशन परिसर में भी जांच पड़ताल की गई। होटलों में ठहरने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी ली गई। रोडवेज डिपो में भी बसों में सवार यात्रियों के बैग की तलाशी ली गई। एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार ने बताया कि सर्च अभियान देर रात तक चला। शहर के अलावा हाईवे के किनारे ढाबों पर भी छानबीन कराई जा रही है।