सूचना पर चंदवक थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह पुलिस बल संग मौके पर पहुंचे। पुलिस दोनों बदमाशों को लेकर मोबाइल की लोकेशन के आधार पर तीसरे बदमाश को पकड़ने के लिए जा रही थी। पुलिस का दावा है कि र्मू्खा गांव की नहर पुलिया के पास तीसरा बदमाश पुलिस पर फायरिंग करने लगा। इस बीच मौका पाकर दोनों बदमाश पुलिस की कस्टडी से भागने लगे।
इस दौरान एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करता रहा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से प्रदीप और विमलेश निवासी बढ़नपुर घायल हो गए। दोनों के पैर में गली लगी है। तीसरा बदमाश फरार हो गया। एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार ने कहा कि नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से कांस्टेबल जयप्रकाश बाल-बाल बच गए। फरार बदमाश का नाम कुलदीप निवासी सेनापुर है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मूर्खा गांव के पास नहर पुलिया पर पुलिस मुठभेड़ में दो युवकों के घायल होने की सूचना के बाद सायं सात बजे पुलिया पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया और आजमगढ़ वाराणसी मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस से उनकी तीखी नोंकझोंक भी हुई। जाम कर रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया। बाद लाठियां फटकार कर पुलिस ने भीड़ को तितर बितर कर दिया और मौके से बढ़नपुर के ग्राम प्रधान अरविंद चौहान को हिरासत में ले लिया। सायं साढ़े सात बजे जाम समाप्त हो गया।
पुलिस मुठभेड़ में दो युवकों के घायल होने की सूचना पर बढ़नपुर के ग्राम प्रधान अरविंद चौहान ग्रामीणों के साथ मूर्खा गांव की नहर पुलिया पर पहुंचे। वहां मौजूद डायल 112 के पुलिस कर्मियों से तीनों युवकों के बारे में जानकारी चाही। कहा कि आखिर बच्चे कहां है वे जिंदा हैं कि मार दिए गए। पुलिस से संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आजमगढ़ - वाराणसी मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस से तीखी नोंकझोंक हुई। भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी किया।
पुलिस ने लाठी भांजकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया और प्रधान अरविंद कुमार चौहान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस ने जिन दो युवकों को कर गिरफ्तार किया है। इनमें कुलदीप ग्राम प्रधान अरविंद चौहान का भतीजा और विमलेश भी इसी गांव का है। ग्राम प्रधान के भाई अनिल चौहान का कहना है कि मेरा बेटा व उसके दो साथी बाइक की सर्विस कराने गये थे और वहां से कोइलारी कोविड -19 का वैक्सीन लगवाने चले गये थे।