जौनपुर। पूर्व सांसद धनंजय सिंह के फिर नए बैनर लग गए हैं। सोमवार को शहर के चौराहों पर लगे यूनिपोल पर बदले बैनरों को देखकर सियासी अटकलें तेज हो गईं हैं। इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। लोगों में चर्चा है कि वह जेल के अंदर से अपनी पत्नी श्रीकला सिंह को जौनपुर लोकसभा क्षेत्र के चुनावी रण में उतार सकते हैं। इसके पहले भी बैनर बदले जा चुके हैं।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह को बीते छह मार्च को कोर्ट ने इंजीनियर अभिनव सिंघल के अपहरण के मामले में सात साल की सजा सुनाई है। वह जिला कारागार में बंद हैं। सोमवार को शहर में कुछ नए अलग-अलग बैनर लगाए गए हैं। एक में लिखा है कि जनता करेगी फैसला। फोटो में धनंजय सिंह सफेद कुर्ते में हाथ उठाकर जोड़ते हुए दिख रहे हैं। दूसरे बैनर में लिखा है कि इंसाफ करेगी जनता वहीं तीसरे बैनर में लिखा है अब इंसाफ जनता के हाथ में... फोटो में जिला कारागार के गेट पर पुलिस अभिरक्षा में खड़े हैं।
धनंजय सिंह वर्तमान में जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव हैं। शुरुआत में इंडिया गठबंधन से जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से जेडीयू के टिकट के लिए दावेदारी कर रहे थे। फिर जेडीयू के एडीए गठबंधन में शामिल होते ही इनकी समर्थकों में एक बार फिर उम्मीद जगी कि यह जेडीयू से टिकट लेकर मैदान में आ जाएंगे। फिर इनकी फोटो सपा के शीर्ष नेतृत्व अखिलेश यादव व शिवपाल यादव के साथ सोशल मीडिया में वायरल होने लगी। लोगों को लगा कि यह इंडिया गठबंधन से आ जाएंगे। चर्चाओं का बाजार गर्म है कि पूर्व सांसद की पत्नी श्रीकला सिंह चुनावी मैदान में आ सकती हैं।