पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात नर्स के किसी सहयोगी ने 112 नंबर पर सूचना दी कि अनिता ने फांसी लगाकर जान दे दी है। मौके पर पहुंचे कस्बा के चौकी इंचार्ज सकलदीप सिंह ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो वह रस्सी के सहारे पंखे से लगे फंदे पर झूल रही थी। पुलिस कर्मियों ने अन्य लोगों की सहायता से शव को नीचे उतरवाया।
सोमवार सुबह कोतवाली पहुंची मृतका की मां जमलावती ने कहा कि मेरी बेटी का किसी से कोई रंजिश नहीं है। पुलिस ने मृतका के कमरे की पूरी तलाशी ली लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि मृतक नर्स का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नर्स ने किन कारणों से फांसी लगाई, अभी इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है। परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।