जौनपुर। वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने मंगलवार को जौनपुर प्रधान डाकघर और कचहरी डाकघर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि डाक विभाग अब सिर्फ पत्रों और मनीऑर्डर से नहीं जुड़ा है बल्कि एक ही छत के नीचे तमाम सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। बचत बैंक, बीमा, आधार, पासपोर्ट, कॉमन सर्विस सेंटर, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, वाहनों का बीमा, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, प्रधानमंत्री फसल बीमा, ई-श्रम कार्ड, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, गंगाजल की बिक्री, रेल टिकट बुकिंग जैसी तमाम सुविधाएं उपलब्ध हैं।
पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि डाकघरों में जनसामान्य की सुविधा के लिए तमाम नई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में अब डाकघरों में स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर में रेलवे टिकट की बुकिंग भी की जा सकती है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी उठा सकते हैं। डाकघरों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन हेतु किसान की खतौनी, आईडी कार्ड (आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस) और बैंक पासबुक साथ लाना होगा। जौनपुर मंडल के अधीक्षक डाकघर पीसी तिवारी ने पोस्टमास्टर जनरल को मंडल में डाक सेवाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी। जौनपुर में प्रधान डाकघर, उप डाकघरों के साथ गांवों में स्थित शाखा डाकघरों सहित 422 डाकघरों में कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना की जा रही है। मौके पर सहायक अधीक्षक डाकघर एसके चौधरी, अशोक सिंह, निरीक्षक डाकघर एपी गोस्वामी, रमेश यादव, प्रवीण कुमार, श्रीकांत पाल आदि उपस्थित रहे।