जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल परीक्षा 2020 में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले जिले के चार होनहारों के गांवों में लोक निर्माण विभाग नई सड़कों का निर्माण कराएगा। प्रदेश सरकार के निर्देश पर इन मेधावियों को इनाम के तौर पर उनके गांवों का चयन डॉ एपीजे अब्दुल कलाम गौरव पथ योजना के तहत हुआ है।
छह गांवों में 2.25 करोड़ 67 हजार की लागत से कुल 8.50 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा। इसमें सिंगरामऊ के लालगंज की सिमरन गुप्ता के गांव में दो सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। बाकी सभी छात्रों के गांवों में नई सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौसम अनुकूल होते ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
सिंगरामऊ क्षेत्र के लालगंज निवासी सिमरन गुप्ता ने हाईस्कूल में 92.83 फीसदी अंक हासिल किया है। उनके गांव में सिंगरामऊ-लालगंज मार्ग और लालगंज से गौरामाफी मार्ग जिसकी कुल लंबाई 6.50 किलोमीटर है। इस पुरानी सड़क का विशेष मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। जिसपर कुल 73.20 लाख खर्च होगा।
मियाचक खास निवासी गार्गी यादव ने हाईस्कूल में 94 फीसदी अंक हासिल किया है। इनके गांव में डेहरी सम्पर्क मार्ग से मियाचक यादव खास बस्ती तक 600 मीटर सम्पर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण में 81.42 लाख खर्च आएगा। यहा मार्ग की लंबाई भले ही कम है पर सड़क निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण भी किया गया है जिससे कुल लागत 81.42 लाख आएगी।
सरायरैचंद्र गांव निवासी आजाद यादव ने दसवीं की परीक्षा में 92.67 अंक हापसिल किया है। उनके गांव में एनएच 31 से आजाद यादव के घर तक 900 मीटर नई सड़क बनाई जाएगी । जिसपर कुल 43.12 लाख खर्च आएगा।
मुरारा गांव निवासी शिवांश गिरी ने हाईस्कूल की परीक्षा में 92.17 फीसदी अंक हासिल किया है। उनके गांव में स्थित मुरारा इंटर कालेज से शिवांश गिरी के घर तक 500 मीटर नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जिसपर कुल 27.93 लाख का खर्च होगा।