आवास व शहरी नियोजन राज्यमंत्री ने शहर में अमृत योजना के तहत चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। शहर के तारापुर कालोनी में कराए गए निर्माण कार्य में लापरवाही मिलने और धीमी गति से काम होने पर जल निगम के अधिशासी अभियंता संजय गुप्ता व टेक्नो क्राफ्ट कांस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर फतेह शर्मा से नाराजगी जताई। निर्देश दिया कि जिन सड़कों पर सीवर लाइन पड़ चुकी हैं, उन सड़कों का निर्माण शीघ्र कराएं। ताकि बारिश के मौसम में लोगों असुविधा न हो।
अमृत योजना के तहत शहर में सीवर पाइप लाइन डालने का कार्य कई महीने से चल रहा है। सीवर पाइप लाइन पड़ने से खराब हुई सड़कों का निर्माण व मरम्मत भी इस योजना के अंतर्गत होना है। तीन माह में जो सड़क सीवरलाइन पड़ने के कारण खराब हुई हैं, उनका निर्माण भी कराना था। उधर, सड़के वैसे ही खराब हालत में पड़ी हैं। राज्यमंत्री ने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डॉ. अमित वत्स, डॉ. मनोज वत्स, डॉ वीसी सिंह, आरडी श्रीवास्तव, डॉ. सुभाष राय, मनीष श्रीवास्तव सभासद आदि मौजूद रहे।