जौनपुर। लगन के चलते खानपान की वस्तुओं की कीमतें और चढ़ गई हैं। एक सप्ताह में वनस्पति घी, रिफाइंड और सरसों के तेल दाम उछाल आया है। सब्जियों के दाम पहले से ही चढ़े हुए हैं। आलू 50 रुपये किलो तक बिक रहा है। दाल की कीमतों में भी इजाफा हुआ है।
वैवाहिक कार्यक्रम शुरू होने के बाद से बाजार में रौनक भले ही लौट आई है लेकिन आम आदमी को महंगाई से राहत नहीं मिली है। उल्टे कीमतें और बढ़ गई हैं। लगन के चलते दूध, पनीर और खोवे की कीमतें बढ़ी हुई हैं। दूध 90 रुपये लीटर तक पहुंच जा रहा है। बाजार से तो दूध गायब ही हो गया है। पैकेट का दूध सुबह ही दुकानों से गायब हो जाता है। सरकार के लाख प्रयास के बाद भी बाजार में आलू का दाम कम होने का नाम नहीं ले रहा। बाजार में 45 से 50 रुपये किलो आलू बिक रहा है। प्याज के दाम में कोई खास कमी नहीं है। लाक डाउन के दौरान 15 रुपये किलो की दर से बिकने वाली प्याज की कीमत 50 से 60 रुपये प्रति किलो हो चुकी है। सरकार के सख्त निर्देश के बाद भी आलू की बढ़ती कीमत पर अंकुश नही लगा पाया।