जौनपुर के मीरगंज थाना क्षेत्र के मीरपुर गोपपुर गांव की दलित बस्ती में शुक्रवार को नीम के पेड़ से दातुन तोड़ने के विवाद में मनबढों ने लाठी और रॉड से हमला कर एक ही परिवार के छह लोगों को घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गोपपुर गांव में सुबह करीब साढ़े आठ बजे घनश्याम का बेटा आदित्य अपने पुराने घर के पास एक नीम के पेड़ से दातुन तोड़कर उसकी पत्ती गिराते हुए चला जा रहा था जिसका गांव के ही एक व्यक्ति ने विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि मनबढ़ों ने आदित्य के घर पर लाठी डंडे व रॉड से हमला कर दिया। जिसमें रितु देवी (45), घनश्याम (50), आदित्य (20), अजय (22), तमन्ना (16), मोनू (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।