मिशन शक्ति योजना के तहत शनिवार को जिले के सभी थानों में महिलाओं को उनकी सुरक्षा और अधिकार के प्रति जागरूक किया गया। इसी क्रम में प्रसाद फार्मेसी कालेज की छात्रा किरण यादव को गौराबादशाहपुर थाने में एक दिन के लिए थानेदार बनाया गया। इस दौरान किरण ने थाने में आने वाले फरियादियों की समस्या सुनी और उसका निस्तारण कराया। जमीन विवाद के मामले में थाने पहुंचे दो लोगों को शांतिभंग में चालान किया गया।
थानेदार बनी किरण यादव के समक्ष पहला प्रार्थना पत्र अमरा गांव का राजस्व से जुड़ा था, जबकि दूसरा प्रार्थना पत्र पिलखिनी गांव का था। किरण के आदेश पर दिवसाधिकारी देवेंद्र कुमार पाल ने पिलखिनी गांव के रहने वाले अनिल, अमरनाथ और नीरज का शांतिभंग की धारा 151 में चालान कर दिया। किरण यादव यादव ने बताया थानाध्यक्ष बनने काअनुभव काफी अच्छा रहा। वह खुद पुलिस अफसर बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। इसके अलावा एसपी अजय साहनी के निर्देश पर सभी थानों में महिला जागरूकता के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं को 1090, 1076, 112 पुलिस सहायता के लिए टोल फ्री नंबर की जानकारी देते हुए बताया गया कि महिलाएं अपराध को छिपाएं ना। पुलिस हमेशा उनकी मदद में खड़ी है। शहर कोतवाली , लाइनबाजार, सिकरारा, बक्शा, बदलापुर, खेतासराय, सरायख्वाजा, शाहगंज, मीरगंज समेत सभी थानों में महिलाओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए।