Jaunpur: Drinking water pipe damaged, water crisis in four and a half hundred houses
जौनपुर। सीवर पाइप डाले जाने से शहर के तीन स्थानों पर पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त होने से तकरीबन साढ़े चार सौ घरों में पानी का संकट हो गया है। पानी के लिए लोग इधर-उधर भटकने को विवश है। पानी लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ हैंडपंपो पर लग रही है। घंटो इंतजार के बाद लोगों को पानी मिल पा रहा है, जिससे उनको काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सवा तीन लाख आबादी वाले शहर से निकलने वाले गंदे पानी के शोधन के लिए जल निगम की ओर से सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने और सीवर पाइप डालने का कार्य किया जा रहा है। सीवर पाइप डालने के दौरान लगातार पेयजल पाइपें क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। चार दिन पहले पटहटिया स्थित रेलवे क्रासिंग के पास पाइप क्षतिग्रस्त हो गई है, जो अभी तक नहीं बनाई गई है। इससे सिपाह पुलिस चौकी से लेकर पटहटियां स्थित सेंट पैट्रिक तक तकरीबन 435 घरों की पेयजल आपूर्ति ठप है। लगभग यही हाल नईगंज मोहल्ले में पाइप क्षतिग्रस्त होने से लगभग 15 घरों में पेयजल आपूर्ति चार दिन से नहीं हो पा रही है। पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। वहीं लोग पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। हालत यह है कि इस समय इंडिया मार्का टू हैंडपंप ही लोगों का सहारा बना हुआ है। लोगों की भीड़ हैंडपंपों पर लग रही है। कतारबद्घ खड़ा होकर लोग पानी ले रहे हैं। घंटों बाद लोगों को पानी मिल पा रहा है।
सीवर पाइप डाले जाने से पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त हो रही है, जिसकी बनाने की जिम्मेदारी जल निगम की है। जल निगम को पत्र भेजा गया है, जहां तक नईगंज में पाइप क्षतिग्रस्त होने का सवाल है तो उसे बनवाने का काम किया जा रहा है। - उमेश प्रसाद, अधीशासी अभियंता, जलकल