जलालपुर/जफराबाद। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने सिरकोनी और जलालपुर ब्लॉक के विद्यालय, मनरेगा पार्क व तालाबों का निरीक्षण किया। अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उसे शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिए। जल्द ही दोबारा भ्रमण तक सभी कार्य पूर्ण रखने की हिदायत दी। इस दौरान डीएम ने जलालपुर के प्राथमिक विद्यालय में घास पर बैठकर ही सुंदरीकरण के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
जलालपुर के कंपोजिट विद्यालय नेवादा, प्राथमिक विद्यालय बराई प्रथम के निरीक्षण में डीएम ने बीडीओ प्रवीण कुमार त्रिपाठी को मनरेगा पार्क में फूल-पौधे लगवाने, बैडमिंटन कोर्ट को पक्का कराने का निर्देश दिया। डीेएम ने स्कूल की फर्स पर बैठ कर बीडीओ, बीईओ शशिकांत श्रीवास्तव, ग्राम प्रधानपति सभाजीत सरोज, प्रधानाध्यापिका समीम आरा तथा पंचायत सचिव सरला गौड़ के साथ चौपाल लगाकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। स्कूल परिसर को स्वच्छ, सुंदर बनाकर सभी बच्चों का पंजीकरण कराने को कहा। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। पात्रों के पेंशन, किसान सम्मान निधि, शादी अनुदान तथा अन्य योजनाओं के आवेदन भरवाकर उन्हें लाभ दिलाने को कहा। डीएम ने कहा कि परिवार रजिस्टर की नकल सभी परिवारों को उपलब्ध कराएं। प्रत्येक घर में एक-एक कूड़ेदान अवश्य हों। गांव में सप्ताह में एक बार एंटी लार्वा की दवाई का छिड़काव अवश्य किया जाए। पंचायत स्तर के सभी अधिकारी पंचायत घर में बैठें। जन सेवा केंद्र विद्यालय में ही खोले जाने के निर्देश दिया। सिरकोनी के प्राथमिक विद्यालय हौज में बने मनरेगा पार्क तथा शहीद स्मारक के निकट बने तालाब का निरीक्षण किया। बीडीओ को निर्देश दिया कि तालाब के चारों तरफ ट्रैक बनाकर बेंच लगवाएं। 15 से 20 फीट की दूरी पर एक-एक पौधे लगाए जाएं। तालाब के चारों कोनों पर सोलर लाइट लगवाएं।