इनामीपुर गांव में मंगलवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान एक्सईएन बिजली, एसडीओ बिजली, एक्सईएन पीडब्लूडी और सहायक श्रमायुक्त के अनुपस्थित रहने पर सीडीओ अनुपम शुक्ला ने एक दिन का वेतन काटने का निर्देश जिला विकास अधिकारी वीबी सिंह को दिया है। इसी क्रम में ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने उपकेंद्र के अवर अभियंता मुहम्मद नईम अख्तर को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
चौपाल में सीडीओ ने सभी विभागों के विकास कार्यों की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने पीएम आवास के लाभार्थियों से मनरेगा की मजदूरी, शौचालय, ग्राम निधि, राज्य वित्त तथा चौदहवां वित्त से कराए गये कार्य, विधवा, वृद्धा, तथा दिव्यांग पेंशन की समीक्षा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक भी व्यक्ति सरकारी किसी भी योजना से वंचित न रहे। किसान सम्मान निधि के तहत 26 लोग लाभान्वित हैं। उन्होंने गांव में कोरोना वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी लिया। अधीक्षक डा. संजय दुबे ने बताया कि 458 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया है। छुट्टा मवेशियों के बाबत सीडीओ ने न्याय पंचायत स्तर पर गोशाला बनवाने को कहा। उन्होंने बताया कि जनपद में छुट्टा जानवरों की संख्या चार हजार के करीब है। विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था के बाबत ग्रामीणों ने जमकर शिकायत किया। जिस पर उन्होंने जेई को प्रतिकूल प्रविष्ट देने का निर्देश दिया।