जौनपुर के शाहगंज नगर के भादी खास मोहल्ले में शुक्रवार की रात दरोगा द्वारा दुर्व्यवहार करने और ताजिया को तोड़े जाने की घटना के बाद समुदाय विशेष के लोगों की नाराजगी को जिला प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है। पुलिस ने आरोपी दरोगा महेश सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही शनिवार दोपहर डीएम मनीष कुमार वर्मा और एसपी अजय साहनी ने कोतवाली पहुंचकर शिया समुदाय के जिम्मेदारों के साथ बैठक की और शासन के गाइड लाइन के मुताबिक त्योहर मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने संभ्रांतजनों से बातचीत के दौरान दरोगा को लाइन हाजिर किए जाने की जानकारी दी। एसपी ने कहा कि अगर दरोगा का रवैया ऐसा रहा तो कठोर कार्रवाई तय है। घटना की निष्पक्ष जांच राजपत्रित अधिकारी से कराने का आश्वासन दिया। शिया धर्म गुरु मौलाना मासूम रजा कैफ़ी इमाम ए जुमा ने कहा कि ताजिया की बेहुर्मती काफी निंदनीय है। इससे आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास किया गया है।
मौलाना ने कहा कि ताजिया आस्था का प्रतीक है। इसमें हिंदू मुस्लमान सभी की आस्था जुड़ी है। कहा जो हुआ बेहद गलत हुआ। पुलिस अधीक्षक ने मातहतों को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए हिदायत भी दी कि पुलिस और कर्मचारी आम लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें। सूचनाओं पर गंभीरता से ध्यान देकर मामले की जांच और निस्तारण करें। एसपी ने कहा कि सभी मामलों में जांच के लिए पहुंचें तो उसकी वीडियोग्राफी कराएं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने लोगों से सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही त्योहार मनाने की अपील की। इस मौके पर मौलाना शौकत अली, तनवीर हसन, सैयदा शबनम रिजवी, पूर्व प्रधान मों. अजहर, जैगम अब्बास, बेचन सिंह, एजाज अली, मकसूद हसन, शानू अली आदि प्रमुख रुप से मौजूद रहे।