टीम ने लोगों के बाहर जाने और अंदर आने पर पाबंदी लगा दी। 24-25 गाड़ियों के साथ अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही आयकर विभाग की टीम में सुरक्षा कर्मी सहित 100 से ज्यादा लोग शामिल थे। कार्रवाई के दौरान काफी नकद, कागजात, कंप्यूटर व अन्य दस्तावेजों को जब्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में ओमप्रकाश जायसवाल ने भाजपा के टिकट पर शाहगंज विधानसभा से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।
वहीं वाराणसी में भी शराब कारोबारी के चार भाइयों में से एक के नाटी इमली स्थित आवास, मलदहिया में उनके सीए के कार्यालय पर सुबह छापा मारा गया। यहां भी सभी के मोबाइल जब्त कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। टीम ने इस दौरान उनकी फैक्ट्री और होटल के क्रय-विक्रय रिकार्ड के साथ बैंक खाते, जमीनों की खरीददारी के कागजात के साथ कंप्यूटरों की हार्ड डिस्क भी कब्जे में ले ली हैं।
वाराणसी और जौनपुर के पुलिस-प्रशासन को भी टीम ने अपनी कार्रवाई से अलग रखा है। बताया जा रहा है कि प्रधान आयकर आयुक्त वाराणसी सुनील माथुर के नेतृत्व में आयकर विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है। टीम में वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, आजमगढ़ सहित कुछ और जिले के अधिकारी शामिल हैं। जिनकी दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। पहली शिफ्ट में अधिकारियों ने सुबह आठ से शाम सात बजे तक कार्रवाई की। इसके बाद दूसरी शिफ्ट के अधिकारियों को लगाया गया।
टीम के एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि शुरुआती जांच में करोड़ों की कर चोरी का मामला प्रकाश में आया है। व्यापक जांच पड़ताल के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उधर पूर्व चेयरमैन व उनके परिवार के लोगों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो संपर्क नहीं हो सका।