जौनपुर के मीरगंज क्षेत्र के छवनिया नरवा स्थित जरौना नहर पुलिया के पास शनिवार की भोर में करीब साढ़े चार बजे हुई मुठभेड़ में पुलिस ने शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, इस दौरान पुलिस की फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। उसके पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, खोखा, चोरी की बाइक और 12 सौ रुपये नकद बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाश आशीष शुक्ला उर्फ शशिकांत शुक्ला मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकीकला गांव का निवासी है। उसके खिलाफ मीरगंज थाने के अलावा प्रयागराज, वाराणसी, भदोही जिले के कई थानों में हत्या, लूट, प्राणघातक हमला , गैंगेस्टर समेत कुल 28 मुकदमे दर्ज हैं।
एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने बताया कि शनिवार को भोर में मीरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक राणा प्रताप यादव पुलिस टीम के साथ भ्रमण पर थे उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छवनिय नरवा स्थित जरौना नहर पुलिया के पास शातिर बदमाश आशीष शुक्ला मौजूद है। सूचना पर पुलिस जैसे ही रामजी इंटर कालेज के आगे जरौना नहर पुलिया के पास पहुंची तभी पहले से मौजूद बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दिया। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई जो बदमाश के बाएं पैर में लग गई। गोली लगते ही बदमाश जमीन पर गिर पड़ा।
पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। बदमाश को गिरफ्तार करने वाली टीम में में थानाध्यक्ष के अलावा उप निरीक्षक हरिनारायण पटेल, हेड कांस्टेबल रामजन्म यादव, नौसाद हुसैन, अंगद बाबू, मनीष राव राजपूत शामिल थे। एसपी अजय साहनी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।