मीरगंज। प्रयागराज जिले की एक युवती अपने प्रेमी को खोजते हुए बृहस्पतिवार को मीरगंज थाना क्षेत्र के भिदुना गांव पहुंच गई। दूसरे समुदाय के युवक पर शादी कर मुंबई में छोड़कर घर भाग आने का आरोप लगाया। उसने घर में घुसने की कोशिश की तो परिजनों ने रोक दिया। युवती का आरोप है कि प्रेमी के परिवार वालों ने उसके साथ मारपीट भी की। उसका कहना है कि प्रेमी उसे साथ रखना चाहता है, लेकिन उसके घर वाले राजी नहीं हैं। युवती ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल हो रहे वीडियो में युवती कह रही है कि वह प्रयागराज जिले के एक मोहल्ले की निवासी है। भिदुना गांव की मुस्लिम बस्ती के एक युवक से पहले फोन पर उसकी बात हुई। बाद में दोनों एक-दूसरे के करीब हो गए। कुछ दिन पहले युवक उसे लिवाकर मुंबई गया, जहां दोनों ने शादी की। आरोप है कि वह मुंबई में ही उसे छोड़कर घर भाग आया। वह किसी तरह मुंबई से प्रयागराज आई और वहां से प्रेमी का घर खोजते हुए भिदुना गांव पहुंच गई। बस्ती में उसने अपने प्रेमी की घर खोज लिया, लेकिन परिजन उसे घर के अंदर दाखिल नहीं होने दिए। थक हारकर वह थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। उसने कहा कि उसके पास मोबाइल पर मैसेज, दोनों की एक साथ फोटो भी है। मीरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि ऐसी जानकारी मिली है। हकीकत का पता लगाने के लिए पीड़िता हलके के दरोगा को मौके पर भेजा गया है। लड़की शादी का कोई साक्ष्य लाएगी तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।