कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद घर को सैनिटाइज करती टीम
- फोटो : अमर उजाला
दो दिन से एंबुलेंस को चकमा दे रहा कोरोना मरीज
मीरगंज क्षेत्र के लासा गांव निवासी कोरोना का एक मरीज दो दिनों से स्वास्थ्य विभाग की टीम को चकमा दे रहा है। एंबुलेंस उसे एल-1 अस्पताल ले जाने गांव पहुंचती है तो वह घर से फरार हो जाता है। परेशान हाल स्वास्थ्य विभाग अब उसके विरुद्ध कानूनी कदम उठाने की तैयारी में है। मंगलवार को रामगढ़ कंटेंमेन जोन में अपने बीमार पिता की कोरोना जांच कराने आए युवक की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई।
टीम ने सलाह दी कि जब तक एंबुलेंस नहीं आती वह घर पर ही लोगों से दूरी बनाकर रहे। उस समय तो वह तैयार हो गया, लेकिन कुछ घंटे बाद जब एंबुलेंस गांव पहुंची तो वह घर पर नहीं मिला। चालक ने मोबाइल पर संपर्क किया तो बताया कि मैं फ्लाइट से दिल्ली आ गया हूं, जबकि ग्रामीण उसे गांव में होने की बात कहते रहे।
इसकी सूचना तत्काल चिकित्सा अधीक्षक सहित पुलिस प्रशासन को भी दी गई, लेकिन वह देर रात तक नहीं मिला। बुधवार को भी टीम उसे लेने पहुंची तो वह घर पर नहीं था। मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हुआ।